डेहरी/रोहतास/ब्यूरो रिपोर्ट/Etv News 24
आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस अधीक्षक, रोहतास रौशन कुमार ने पुलिस कार्यालय डेहरी में जनता दरबार लगाया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याएं सीधे एसपी के समक्ष रखीं।
पुलिस अधीक्षक ने हर एक मामले को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि जनता की शिकायतों का निष्पक्ष और समयबद्ध निष्पादन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी कि लापरवाही या टालमटोल किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनता दरबार में जमीन विवाद, आपसी रंजिश, मारपीट और अन्य सामाजिक समस्याओं से जुड़े कई मामले सामने आए, जिन पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। फरियादियों ने भी अपनी समस्याएं सीधे उच्च अधिकारी तक पहुंचने पर संतोष जताया और इस पहल की सराहना की। इस पहल से एक बार फिर यह संदेश गया कि रोहतास पुलिस आम जनता की सुरक्षा और न्याय के प्रति पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है।



