कुलपति प्रो. विनय पाठक ने सम्मान समारोह में किया सम्मानित, शोध के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना
विद्यार्थियों में शोध और ज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने में योगदान के लिए मिला सम्मान
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
सुलतानपुर के नगर के लक्ष्मणपुर कॉलोनी निवासी एवं क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर के वाणिज्य विभाग में कार्यरत शिक्षक डॉ. पवनेश मिश्र को शोध एवं अकादमिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू), कानपुर के कुलपति एवं एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (एआइयू), नई दिल्ली के अध्यक्ष प्रो. विनय पाठक ने मंगलवार को आयोजित सम्मान समारोह में डॉ. मिश्र को सम्मानित किया।महाविद्यालय की प्रगति रिपोर्ट के प्रस्तुतिकरण के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शोध एवं अकादमिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। डॉ. पवनेश मिश्र को यह सम्मान महाविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आइक्यूएसी) एवं राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) समिति की संस्तुति पर प्रदान किया गया।डॉ. मिश्र के निरंतर शोध कार्यों, अकादमिक गतिविधियों तथा विद्यार्थियों में शोध, जिज्ञासा और ज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने में उनके योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम में उनके शैक्षणिक समर्पण और शोध के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए उनके कार्यों की प्रशंसा की गई।सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. पवनेश मिश्र ने कहा कि यह उनके लिए गौरव का विषय है। सम्मान उन्हें शिक्षा और शोध के क्षेत्र में और अधिक समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।
एमकॉम में हासिल किया स्वर्ण पदक
डॉ. पवनेश मिश्र ने एमकॉम की परीक्षा में स्वर्ण पदक हासिल किया है। उन्होंने डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। इससे पहले वह सुलतानपुर के स्थानीय गनपत सहाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।डॉ. मिश्र की इस उपलब्धि पर उनके परिवार, सहकर्मियों, विद्यार्थियों तथा सुलतानपुर के बुद्धिजीवी वर्ग ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।




