कैबिनेट मंत्री ने पूर्व सरकारों पर लगाया लौह पुरुष को उचित सम्मान न देने का आरोप, भाजपा विधायक सीताराम वर्मा पर भी कसा तंज
पटेल जयंती समारोह में बोले मंत्री, प्रतिमा स्थापना के लिए डॉक्टर साहब अपनी फीस बढ़ाकर न करें योगदान
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए पूर्ववर्ती सरकारों पर उन्हें उचित सम्मान न देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में सरदार वल्लभभाई पटेल का ऐतिहासिक योगदान रहा है। उनकी दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति और रणनीतिक कौशल के कारण देश की रियासतों का भारत में विलय संभव हो सका। हैदराबाद के निजाम की चालों को विफल कर उसे भारत में शामिल कराने में भी उनकी अहम भूमिका रही।
मंत्री ने जम्मू-कश्मीर के संदर्भ में भी सरदार पटेल के योगदान का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्व को वह सम्मान नहीं मिला, जिसके वे वास्तविक हकदार थे। सुलतानपुर में सरदार पटेल की प्रतिमा स्थापित न होने पर उन्होंने स्थानीय कुर्मी समाज के लोगों के प्रति नाराजगी जताई और इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने समाज के लोगों से किसी बड़े चौराहे को चिह्नित कर वहां प्रतिमा स्थापना का लक्ष्य पूरा करने का आह्वान किया।
इस दौरान मंत्री ने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष आरए वर्मा की ओर इशारा करते हुए चुटकी ली। प्रतिमा स्थापना के खर्च को लेकर उन्होंने कहा कि डॉक्टर साहब अपनी फीस बढ़ाकर इसमें योगदान न करें। भाजपा विधायक सीताराम वर्मा को भी उन्होंने अपने अंदाज में निशाने पर लिया। मंत्री के इस बयान से समारोह में राजनीतिक चर्चा भी तेज रही।
आशीष पटेल ने कहा कि कुर्मी समाज के लोग सपा, भाजपा और अपना दल सहित अलग-अलग राजनीतिक दलों में बंटे हुए हैं। समाज की मजबूती के लिए आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होना जरूरी है। उन्होंने सामाजिक एकता और महापुरुषों के सम्मान को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया।
मंसाराम वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में पहुंचने पर क्षेत्रीय प्रभारी अविनाश पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष संदीप सिंह सोनू समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री का जोरदार स्वागत किया। मंच पर विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े कई नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम में बार एसोसिएशन अध्यक्ष शारदा प्रसाद मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद शर्मा, महासचिव सूर्यनाथ यादव, अशोक सिंह बिसेन, सुनील वर्मा, विकास वर्मा, अविनाश पटेल, संदीप सिंह सोनू और जगन्नाथ वर्मा समेत दर्जनों लोग उपस्थित रहे।




