सुबह पांच बजे हुआ दर्दनाक हादसा, कार काटकर निकाले गए घायल
लखनऊ से देवरिया जा रहे थे खिलाड़ी, बल्दीराय में हादसे ने छीनी तीन जिंदगियां
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, तीन खिलाड़ियों की मौत
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश

सुलतानपुर जनपद के बल्दीराय थाना क्षेत्र के सुखबडेरी के पास बुधवार सुबह करीब पांच बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। माइलस्टोन 97.5 के पास तेज रफ्तार मारुति अर्टिगा अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में देवरिया निवासी तीन खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि अर्टिगा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। राहगीरों और यूपीडा सुरक्षाकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद कार का गेट तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस से अयोध्या मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।


मृतकों की पहचान नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) के रूप में हुई है। बताया गया कि सभी लखनऊ से देवरिया जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम बल्दीराय प्रभात सिंह, पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।




