कादीपुर में 23 से 25 नवंबर तक होगा त्रिदिवसीय आयोजन, देशभर के संत-महात्मा और ख्यातिलब्ध विद्वान करेंगे शिरकत
देव दीपावली पर आदि गंगा गोमती के तट पर जगमगाएंगे हजारों दीप, मदन राय और राजन तिवारी समेत कई कलाकार देंगे प्रस्तुति
राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर प्रतिदिन होगा सामूहिक गायन
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24 /संवाददाता वागीश
सुल्तानपुर के कादीपुर अघोरीपीठ बाबा सत्यनाथ मठ अल्देमऊ नूरपुर के तत्वावधान में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय बाबा सत्यनाथ महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। 23 से 25 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव में भव्य देव दीपावली, दीपोत्सव और त्रिदिवसीय मेले के साथ धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। आयोजन को सकुशल और भव्य रूप देने के लिए नगर पंचायत कादीपुर के वंदन सभागार में तैयारी बैठक आयोजित की गई। इसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने व्यवस्थाओं को लेकर विचार-विमर्श किया।

अघोर पीठ बाबा सत्यनाथ मठ अल्देमऊ नूरपुर के पीठाधीश्वर ने महोत्सव की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि आदि गंगा गोमती के पावन तट पर आयोजित होने वाले इस प्राचीन धार्मिक समारोह में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
महोत्सव के पहले दिन 23 नवंबर को बाबा सत्यनाथ महाराज के श्रृंगार, पूजन, अर्चन, हवन और भजन के साथ कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। महिला समूहों की ओर से पारंपरिक देवी गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके साथ ही ‘अवधी साहित्य में सामाजिक समरसता’ विषय पर राष्ट्रीय परिचर्चा तथा ‘भगवान शंकर : विभिन्न संस्कृतियों के पोषक एवं संरक्षक’ विषय पर विमर्श आयोजित होगा। शाम को बाबा सत्यनाथ महाराज की महाआरती और लोक कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।
महोत्सव के दूसरे दिन 24 नवंबर को ‘उत्तर प्रदेश की संत परंपरा का राष्ट्रीय चेतना में योगदान’ विषय पर राष्ट्रीय परिचर्चा होगी। राष्ट्रीय संतों के धार्मिक उद्बोधन के साथ ‘दलित चेतना के धार्मिक प्रतिनिधि : काका हाथरसी’ विषय पर चर्चा की जाएगी। देव दीपावली के अवसर पर आदि गंगा गोमती के तट पर भव्य दीपोत्सव आयोजित होगा। शाम को बाबा सत्यनाथ महाराज की महाआरती के बाद निर्गुण सम्राट मदन राय, लोकगायक राजन तिवारी समेत अन्य कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।
समापन दिवस 25 नवंबर को महिला समूहों की ओर से उपशास्त्रीय संगीत और लोक परंपरा के देवी गीतों की प्रस्तुति होगी। ‘नाथ पंथ (अघोर परंपरा) में राष्ट्रीय एकता के सूत्र’ विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का समापन सत्र आयोजित होगा। इसके अलावा ‘शिव विवाह का अंतर्निहित सामाजिक संदेश’ विषय पर परिचर्चा, संतों का धार्मिक उद्बोधन, बाबा सत्यनाथ महाराज की महाआरती, विभूतियों का सम्मान और समापन समारोह होगा। काशी के भजन गायक पुनीत कृष्ण जेटली (पागल बाबा) समेत अन्य कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
महोत्सव में जगन्नाथपुरी धाम के डॉ. देवाचार्य जी महाराज, आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी सच्चिदानंद महाराज (पशुपति अखाड़ा, नेपाल), रामप्रपन्नाचार्य जी मौनी स्वामी (लक्ष्मीनारायण यतींद्र आश्रम, रामनगर, नैनीताल), श्रीमहंत राधेश्यामपुरी जी महाराज (महाकाल मंदिर, उज्जैन) और डॉ. मदनमोहन मिश्र (मानस कोविद, वाराणसी) सहित देश के कई प्रमुख संत-महात्मा एवं विद्वान शामिल होंगे।
आयोजकों ने बताया कि राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में महोत्सव के तीनों दिन सामूहिक गायन भी कराया जाएगा। लोक कलाकारों के माध्यम से विभिन्न जनजागरूकता अभियानों और जनहितकारी सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।
तैयारी बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद जायसवाल, केंद्रीय पूजा व्यवस्था समिति कादीपुर के अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, महामंत्री ललित कसौधन, संत तुलसीदास पीजी कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. इंदुशेखर उपाध्याय, उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य घनश्याम चौहान, व्यापार मंडल अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल, रामू बोलबम, रमेश मोदनवाल, सहायक विकास अधिकारी पंचायत अशोक कुमारी, प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष दरगाही निषाद, सुनील सिंह, सुरेंद्र सिंह, विनोद सोनी, बृजेश चौहान और ध्यान सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




