सहायक अध्यापक के 12,405 और पीजीटी के 2,607 पदों के लिए विज्ञापन जारी
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आयोग ने कुल 15,012 पदों के लिए दो अलग-अलग विज्ञापन जारी किए हैं। इनमें सहायक अध्यापक के 12,405 पद और प्रवक्ता संवर्ग (पीजीटी) के 2,607 पद शामिल हैं।आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक सम्बद्ध प्राइमरी के 897 पदों तथा बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक, शहरी (अर्बन) के 11,508 पदों पर भर्ती की जाएगी। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आयोग ने वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) व्यवस्था लागू की है। संबंधित पदों के लिए आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को ओटीआर पूरा करना अनिवार्य होगा।16 सितंबर से शुरू होगा सहायक अध्यापक भर्ती का आवेदनविज्ञापन संख्या 05/2026 के तहत सहायक अध्यापक सम्बद्ध प्राइमरी और सहायक अध्यापक, शहरी के पदों के लिए विज्ञापन 15 सितंबर को जारी किया गया। ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन की प्रक्रिया 16 सितंबर 2026 से शुरू होगी। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर और ऑनलाइन आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। इन पदों के लिए लिखित परीक्षा तीन और चार दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है।पीजीटी के 2,607 पदों पर 18 सितंबर से आवेदनअशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रवक्ता संवर्ग (पीजीटी) के 2,607 रिक्त पदों के लिए विज्ञापन संख्या 06/2026 जारी किया गया है। पीजीटी के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन की प्रक्रिया 18 सितंबर 2026 से शुरू होगी। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर तथा आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर 2026 होगी। पीजीटी पदों की परीक्षा 15 और 16 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने अभ्यर्थियों से आवेदन से पहले विस्तृत विज्ञापन और निर्देश पुस्तिका का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी अपनी शैक्षिक योग्यता और पात्रता सुनिश्चित करने के बाद ही आवेदन करें। पात्रता और अर्हता के संबंध में आयोग की ओर से अलग से कोई परामर्श नहीं दिया जाएगा।अभ्यर्थी भर्ती से संबंधित विस्तृत विज्ञापन, आवेदन प्रक्रिया, पात्रता और अन्य निर्देशों के लिए उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in देख सकते हैं।




