10 से 24 जनवरी तक घर बैठे स्व-गणना का मिलेगा मौका, एक मार्च की रात 12 बजे होगी संदर्भ तिथि निर्धारित
पांच मार्च तक चलेगा पुनरीक्षण चरण, बर्फीले और चुनाव प्रभावित राज्यों में अलग से तय होगा कार्यक्रम
etv news 24 / एन सी आर ब्यूरो एजेंसी दिल्ली
देश में जनगणना-2027 को लेकर कार्यक्रम की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक देशभर में जनगणना का कार्य कराया जाएगा। हालांकि, बर्फ से ढके राज्यों और चुनाव वाले राज्यों को इस चरण से अलग रखा गया है। इन क्षेत्रों में जनगणना की प्रक्रिया के लिए अलग कार्यक्रम निर्धारित किया जाएगा।
जनगणना के लिए संदर्भ तिथि (रेफरेंस डेट) एक मार्च 2027 की रात 12 बजे तय की गई है। इसी तिथि को आधार मानकर जनसंख्या से संबंधित आंकड़े दर्ज किए जाएंगे। इस बार नागरिकों को जनगणना प्रक्रिया में भाग लेने के लिए स्व-गणना की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके तहत लोग 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक ऑनलाइन माध्यम से घर बैठे अपनी और अपने परिवार की आवश्यक जानकारी स्वयं भर सकेंगे।
स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के बाद 25 जनवरी से जनगणना कर्मी निर्धारित कार्यक्रम के तहत जानकारी एकत्र करने का कार्य शुरू करेंगे। इसके बाद एक से पांच मार्च 2027 तक पुनरीक्षण (रिविजनल) चरण आयोजित किया जाएगा। इस दौरान दर्ज की गई जानकारियों का पुनरीक्षण और आवश्यक सत्यापन किया जाएगा। जनगणना-2027 को देश की आबादी से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े जुटाने की व्यापक प्रक्रिया माना जा रहा है।




