सुलतानपुर में एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, बिहार के रहने वाले बताए जा रहे मृतक
दोस्तपुर के बढ़ौली के पास दो कारों की भिड़ंत, सात घायलों को सीएचसी भेजा गया
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दो कारों में भीषण टक्कर, दो की मौत, सात घायल
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
जनपद सुल्तानपुर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार को एर्टिगा और डिजायर कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। दुर्घटना दोस्तपुर थाना क्षेत्र के बढ़ौली गांव के पास माइलस्टोन 162.7 पर हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एर्टिगा और डिजायर कार के बीच टक्कर हुई। दुर्घटना में दो लोगों की जान चली गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। दोनों मृतकों के बिहार का निवासी होने की बात बताई जा रही है। हालांकि, उनकी पहचान और पते की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हादसे की सूचना मिलने के बाद घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दोस्तपुर भेजा गया। दुर्घटना के कारणों का विस्तृत विवरण अभी सामने नहीं आया है।




