12 राज्यों के प्रशिक्षण संस्थानों को क्षमता विकास संस्थान बनाने पर मंथन
योगी बोले- साझा होंगे नवाचार और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियां UNNATI Capability Index और नेशनल करिकुलम डिजाइन फ्रेमवर्क का शुभारंभ, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राज्यों व विभागों का सम्मान
प्रशासनिक क्षमता विकास में नवाचारों को बढ़ावा देगा मिशन कर्मयोगी : योगी आदित्यनाथ
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में मिशन कर्मयोगी के तहत आयोजित उत्तरी क्षेत्रीय कार्यशाला ‘साधना शृंखला-2026’ का शुभारंभ किया। इस दो दिवसीय कार्यशाला में 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशिक्षण संस्थानों को क्षमता विकास संस्थानों में रूपांतरित करने पर चर्चा की गई। कार्यशाला का आयोजन डॉ. राम मनोहर लोहिया उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी (रूपाम) और भारत सरकार के क्षमता निर्माण आयोग (कैपेसिटी बिल्डिंग कमीशन) के संयुक्त तत्वावधान में 23 और 24 अक्टूबर को किया जा रहा है।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह और क्षमता निर्माण आयोग की चेयरपर्सन एस. राधा चौहान भी उपस्थित रहीं। इस अवसर पर UNNATI Capability Index और National Curriculum Design Framework का शुभारंभ किया गया। साथ ही, सरकारी कार्मिकों के प्रशिक्षण में देश में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले राज्यों को सम्मानित किया गया। मिशन कर्मयोगी के तहत विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उत्तर प्रदेश के विभागों को भी सम्मान मिला।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘साधना शृंखला-2026’ विभिन्न राज्यों के प्रशासनिक अनुभवों, नवाचारों और उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों को साझा करने का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजनों से प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और अधिकारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि कार्यशाला के माध्यम से उत्तर प्रदेश के अधिकारियों को दूसरे राज्यों की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों से सीखने का अवसर मिलेगा। वहीं, अन्य राज्यों से आए प्रतिनिधि उत्तर प्रदेश में किए गए नवाचारों और उत्कृष्ट कार्यों को जान सकेंगे। इस तरह आपसी अनुभवों का आदान-प्रदान प्रशासनिक क्षमता विकास को नई दिशा देने में सहायक होगा।




