चयन वर्ष 2026 के लिए ज्येष्ठता के आधार पर मिला प्रमोशन
11 पृष्ठों की सूची में शामिल हैं नाम
वर्तमान तैनाती वाले जनपद या इकाई में कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी पदोन्नति
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
पुलिस विभाग में उप निरीक्षक (दरोगा) से निरीक्षक (इंस्पेक्टर) बनने का इंतजार कर रहे पुलिसकर्मियों के लिए अच्छी खबर है। डीजीपी मुख्यालय ने चयन वर्ष 2026 के लिए ज्येष्ठता के आधार पर उप निरीक्षक नागरिक पुलिस को निरीक्षक नागरिक पुलिस के पद पर पदोन्नति देने का आदेश जारी किया है। जारी सूची में 200 से अधिक दरोगाओं के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। इससे संबंधित पुलिसकर्मियों के इंस्पेक्टर बनने का रास्ता साफ हो गया है।
उत्तर प्रदेश उप निरीक्षक एवं निरीक्षक (नागरिक पुलिस) सेवा नियमावली-2015 के प्रावधानों के तहत प्राधिकृत बोर्ड ने पदोन्नति के लिए संबंधित उप निरीक्षकों को उपयुक्त पाया। इसके बाद पुलिस महानिदेशक की स्वीकृति मिलने पर पदोन्नति का आदेश जारी किया गया। यह पदोन्नति संबंधित पुलिसकर्मियों के वर्तमान नियुक्ति जनपद या इकाई में कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी।
जारी पदोन्नति सूची 11 पृष्ठों की बताई जा रही है। पहले पृष्ठ पर 20 पुलिसकर्मियों के नाम दर्ज हैं। सूची में सीतापुर, अमरोहा, मेरठ, गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट, कन्नौज, रायबरेली, बाराबंकी, गोंडा, बुलंदशहर, महोबा, चित्रकूट, कुशीनगर, कानपुर देहात, लखीमपुर खीरी, अलीगढ़ और हाथरस समेत विभिन्न जनपदों में तैनात पुलिसकर्मी शामिल हैं।
सूची में शामिल प्रमुख नाम जारी विवरण के अनुसार, पदोन्नति सूची में योगेंद्र कुमार (सीतापुर), साहब सिंह (अमरोहा), मढकार हुसैन (मेरठ), प्रमोद कुमार (गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट), नन्हेलाल (कन्नौज), प्रेम कुमार सिंह (रायबरेली), अनिल कुमार पांडेय (बाराबंकी), मोहम्मद गुफरान अंसारी (गोंडा), विजय कुमार यादव (बुलंदशहर), अनूप कुमार पांडेय (महोबा), योगेश कुमार (मेरठ), नेवालाल मौर्य (चित्रकूट), मोहनलाल यादव (कुशीनगर), भूदेव सिंह त्यागी (गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट), सुशीलचंद्र (कानपुर देहात), रामलाल (खीरी), मदन मुरारी द्विवेदी (अलीगढ़), उमेश बाबू (हाथरस), अशोक कुमार (मेरठ) और नेत्रपाल सिंह राणा (गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट) के नाम शामिल हैं।




