संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में समन्वय की होगी जिम्मेदारी
आगामी राजनीतिक रणनीति को धार देने पर रहेगा जोर
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
सुल्तानपुर जनपद मे भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर फेरबदल करते हुए सुल्तानपुर जिले की जिम्मेदारी बृजभूषण सिंह को जिला प्रभारी के रूप में सौंपी है। प्रदेश संगठन की ओर से जारी काशी क्षेत्र के जिला प्रभारियों की सूची में उनका नाम शामिल किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के निर्देश पर जारी सूची के बाद जिले में भाजपा संगठन को लेकर नई गतिविधियां तेज होने की संभावना है।नवनियुक्त जिला प्रभारी बृजभूषण सिंह के सामने जिले में पार्टी संगठन को और प्रभावी बनाने की चुनौती होगी। उनकी जिम्मेदारी जिला पदाधिकारियों, मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ ही संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की होगी। आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और पार्टी की प्राथमिकताओं को जमीन पर प्रभावी ढंग से लागू कराने में भी जिला प्रभारी की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।भाजपा संगठन के लिहाज से सुल्तानपुर काशी क्षेत्र का महत्वपूर्ण जिला है। ऐसे में नए जिला प्रभारी के सामने बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय रखने, कार्यकर्ताओं से संवाद बढ़ाने और पार्टी के अभियानों को गति देने की जिम्मेदारी रहेगी। संगठन विस्तार और आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर भी उनके अनुभव का लाभ लेने की उम्मीद जताई जा रही है।बृजभूषण सिंह की नियुक्ति की घोषणा के बाद स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने नेतृत्व के निर्णय का स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि नए जिला प्रभारी के मार्गदर्शन में संगठनात्मक गतिविधियों को नईछ गति मिलेगी और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा।




