आजम खान के समर्थन में खुलकर उतरे सपा प्रमुख, मुकदमों को बताया साजिश; बोले- नाइंसाफी जब हद पार करती है तो जुल्म करने वालों के लिए कहर बन जाती है
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने वरिष्ठ सपा नेता आजम खान के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट कर प्रदेश की सियासत में हलचल मचा दी है। उन्होंने आजम खान के खिलाफ दर्ज मुकदमों को साजिश करार देते हुए मौजूदा सत्ता व्यवस्था पर तीखा निशाना साधा है।
अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा कि आज के हुक्मरानों को याद रखना चाहिए कि जब वक्त बदलता है तो तख्त भी बदल जाते हैं। आदरणीय आजम खान साहब के साथ मुकदमों की जो साजिश की जा रही है, उसे पूरा देश ही नहीं, पूरी दुनिया देख रही है।
उन्होंने आगे कहा कि किसी उम्रदराज व्यक्ति को इस तरह के बेईमानी भरे मुकदमों में फंसाकर बार-बार जेल में डालना बेहद कायराना हरकत है। सत्ता के संरक्षण में जिस गलत रवायत को बढ़ावा दिया जा रहा है, सत्ता बदलने पर वही रवायत उसके जिम्मेदार लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है।
सपा प्रमुख ने अपनी पोस्ट के अंत में लिखा कि नाइंसाफी जब हद से गुजर जाती है तो जुल्म करने वालों के लिए ही कहर बन जाती है। उन्होंने इसे बेहद निंदनीय बताते हुए मौजूदा राजनीतिक हालात पर सवाल खड़े किए।
अखिलेश यादव की इस टिप्पणी को आजम खान के समर्थन में सपा की ओर से एक बड़े राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।




