ड्यूटी से घर लौटते समय हलियापुर-कुड़वार मार्ग पर हुआ हादसा, राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल
केवटली के पास अचानक सामने आई नीलगाय, उपचार के बाद परिजन ले गए घर
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
बल्दीराय ब्लॉक से ड्यूटी कर घर लौट रहे सहायक पंचायत अधिकारी की बाइक हलियापुर-कुड़वार मार्ग पर नीलगाय से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार अधिकारी घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें निजी चिकित्सक के क्लीनिक पर पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद परिजन उन्हें घर ले गए।
जानकारी के अनुसार, बल्दीराय ब्लॉक में तैनात सहायक पंचायत अधिकारी दयावंत सिंह ड्यूटी समाप्त कर बाइक से घर लौट रहे थे। बल्दीराय थाना क्षेत्र के हलियापुर-कुड़वार मार्ग पर केवटली के पास अचानक सड़क पर नीलगाय आ गई। इससे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर नीलगाय से टकरा गई। हादसे में दयावंत सिंह घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने उनकी मदद की और उन्हें निजी चिकित्सक के क्लीनिक पर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें घर ले गए। दयावंत सिंह नगर कोतवाली क्षेत्र के महेदवा गांव के निवासी हैं। हादसे की जानकारी मिलने पर क्षेत्र में घटना की चर्चा रही।




