भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण के तहत पहुंचे68 मेधावी छात्र-छात्राएं
कालिदास मार्ग पर मुख्यमंत्री से हुई मुलाकातदेश की विविधता संस्कृति और विकास को करीब से समझने का मिल रहा अवसर
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अपने सरकारी आवास 5-कालिदास मार्ग पर उत्तराखंड के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र से भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण पर आए मेधावी छात्र-छात्राओं से संवाद किया।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनके शैक्षिक भ्रमण और अनुभवों के बारे में जानकारी ली तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के 68 मेधावी विद्यार्थियों का दल भारत दर्शन शैक्षिक यात्रा पर निकला है।
इस यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा और किताबों से बाहर निकलकर देश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, वैज्ञानिक एवं तकनीकी विविधता से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना है। यात्रा में विद्यार्थियों को ऋषिकेश, लखनऊ, कानपुर, अयोध्या और रुड़की जैसे प्रमुख स्थानों का भ्रमण कराया जा रहा है।
भारत दर्शन यात्रा के दौरान विद्यार्थी विभिन्न ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों के साथ ही विज्ञान, तकनीक और उच्च शिक्षा से जुड़े संस्थानों को भी करीब से समझ रहे हैं। कार्यक्रम के तहत लखनऊ में उन्हें प्रदेश की राजधानी की ऐतिहासिक विरासत और आधुनिक विकास से रूबरू होने का अवसर मिल रहा है। कानपुर में आइआइटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान और रुड़की में उच्च शिक्षा एवं तकनीकी क्षेत्र से जुड़ी गतिविधियां विद्यार्थियों के लिए सीखने का माध्यम बनेंगी।
इससे पहले 17 सितंबर को उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने भी देवप्रयाग के इन विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें भारत दर्शन यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने विद्यार्थियों से यात्रा को केवल पर्यटन तक सीमित न रखते हुए देश को समझने और नई चीजें सीखने का अवसर बनाने का आह्वान किया था।
भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण की यह पहल विद्यार्थियों में देश की विविधता को समझने, नए अनुभव हासिल करने और अपने भविष्य के प्रति व्यापक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायक हो रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में हुई मुलाकात विद्यार्थियों के लिए यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव रही।




