26 अक्टूबर से हरदोई के राजस्व प्रशिक्षण संस्थान में शुरू होगा प्रशिक्षण
जिलाधिकारियों को नामित अधिकारियों का विवरण भेजने के निर्देश
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
उत्तर प्रदेश में नवचयनित एवं नव नियुक्त नायब तहसीलदारों को प्रशिक्षित करने की तैयारी शुरू हो गई है। राजस्व परिषद ने इन अधिकारियों के लिए साढ़े चार माह के प्रशिक्षण की व्यवस्था की है। प्रशिक्षण 26 अक्टूबर 2026 से हरदोई स्थित राजा टोडरमल सर्वेक्षण एवं भूलेख प्रशिक्षण संस्थान में शुरू होगा।
राजस्व परिषद के आयुक्त एवं सचिव की ओर से 16 अक्टूबर को जारी पत्र के अनुसार, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक (नायब तहसीलदार) सेवा नियमावली-2003 के नियम-18 के तहत नवचयनित एवं नव नियुक्त नायब तहसीलदारों को प्रशिक्षण दिया जाना निर्धारित है। इसी क्रम में प्रशिक्षण सत्र शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
परिषद ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि उनके अधीन कार्यरत ऐसे नायब तहसीलदार, जिन्होंने निर्धारित प्रशिक्षण प्राप्त नहीं किया है, उनमें से एक अधिकारी को नामित कर उसका नाम और पूरा विवरण राजा टोडरमल सर्वेक्षण एवं भूलेख प्रशिक्षण संस्थान, हरदोई को उपलब्ध कराया जाए। संबंधित अधिकारी को 26 अक्टूबर से शुरू होने वाले प्रशिक्षण सत्र में प्रतिभाग करने के लिए अवमुक्त करने की कार्रवाई भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
पत्र में जिलाधिकारियों से की गई कार्रवाई की सूचना राजस्व परिषद को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित समय पर संचालित किया जा सके।




