दुर्घटना क्षतिपूर्ति वादों की सुनवाई का अधिकार जनपद न्यायाधीशों को देने की उठाई आवाज
पीड़ितों को जल्द और न्यायसंगत मुआवजा दिलाने के लिए व्यवस्था में बदलाव की मांग
अयोध्या उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/ संवाददाता वागीश
मोटर दुर्घटना में पीड़ित लोगों को समय से न्याय और उचित मुआवजा दिलाने के उद्देश्य से पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ ने उत्तर प्रदेश में मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (MACT) की वर्तमान व्यवस्था समाप्त करने की मांग उठाई है। उन्होंने दुर्घटना क्षतिपूर्ति से जुड़े मामलों की सुनवाई का अधिकार पूर्व की भांति जनपद न्यायाधीशों को सौंपने की मांग करते हुए संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन भेजा है।
पूर्व विधायक ने अयोध्या बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्रा, जनपद न्यायाधीश, जिलाधिकारी अयोध्या और आयुक्त अयोध्या मंडल को पत्र के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया है कि दुर्घटना पीड़ितों और उनके आश्रितों को मुआवजे के लिए अनावश्यक देरी का सामना न करना पड़े, इसके लिए न्यायिक व्यवस्था में बदलाव जरूरी है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि MACT की मौजूदा व्यवस्था को समाप्त कर मोटर दुर्घटना क्षतिपूर्ति वादों की सुनवाई का अधिकार दोबारा जनपद न्यायाधीशों को दिया जाए। इससे न्यायिक संसाधनों का बेहतर उपयोग होने के साथ ही पीड़ितों को शीघ्र और न्यायसंगत राहत मिल सकेगी।
पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावित परिवारों को समय पर मुआवजा मिलना बेहद जरूरी है। ऐसे मामलों में न्यायिक प्रक्रिया को सरल और प्रभावी बनाया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जनहित और दुर्घटना पीड़ितों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई।




