सीट बंटवारे पर सपा-कांग्रेस के बीच बातचीत तेज, कांग्रेस की अधिक सीटों की मांग से पेच
दो जीती हुई, चार दूसरे स्थान वाली और 20 अन्य सीटें प्रस्ताव में शामिल अभी अंतिम सहमति नहीं
गठबंधन की तस्वीर साफ होने का इंतजार
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
राजधानी लखनऊ उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर सीट बंटवारे की कवायद तेज हो गई है। दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर जारी बातचीत में सपा ने कांग्रेस को 26 विधानसभा सीटों का प्रस्ताव दिया है। हालांकि, कांग्रेस की ओर से पहले अधिक सीटों की मांग किए जाने के कारण गठबंधन में सहमति का रास्ता अभी पूरी तरह साफ नहीं हुआ है।
सूत्रों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी की ओर से कांग्रेस को दिए गए प्रस्ताव में 26 विधानसभा सीटें शामिल हैं। इनमें कांग्रेस की वे दो सीटें भी हैं, जिन पर पार्टी ने पिछला चुनाव जीता था। इसके अलावा चार ऐसी सीटों को प्रस्ताव में शामिल किया गया है, जहां कांग्रेस पिछले विधानसभा चुनाव में दूसरे स्थान पर रही थी। शेष 20 सीटें अन्य विधानसभा क्षेत्रों की बताई जा रही हैं।
सीटों के इस प्रस्ताव के जरिए सपा गठबंधन में कांग्रेस की हिस्सेदारी तय करने की कोशिश कर रही है। वहीं, कांग्रेस की ओर से इससे पहले अधिक सीटों की मांग किए जाने के बाद अब दोनों दलों के बीच संख्या को लेकर सहमति बनाने की चुनौती बनी हुई है।
2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए सपा और कांग्रेस दोनों ही अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटी हैं। ऐसे में सीट बंटवारे का मुद्दा गठबंधन की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है। दोनों दलों के बीच बातचीत जारी है, लेकिन अभी तक सीटों की संख्या और उनके चयन को लेकर अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।
राजनीतिक गलियारों में गठबंधन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अब सबकी निगाहें दोनों दलों के अगले कदम पर टिकी हैं। यदि सीटों के बंटवारे पर सहमति बनती है तो यूपी की चुनावी राजनीति में सपा-कांग्रेस गठबंधन की तस्वीर और स्पष्ट हो सकती है। फिलहाल, 26 सीटों के प्रस्ताव पर कांग्रेस की अंतिम प्रतिक्रिया और दोनों दलों के बीच होने वाली आगे की बातचीत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।




