बाबा सत्यनाथ महोत्सव में विश्व रिकॉर्डधारी के प्रदर्शन ने दर्शकों को किया अचंभित
युवाओं को नशे से दूर रहकर देशसेवा करने का दिया संदेश
समापन समारोह में एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह समेत हजारों लोग रहे मौजूद
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
कादीपुर क्षेत्रान्तर्गत अल्देमऊ नूरपुर स्थित अघोर पीठ बाबा सत्यनाथ मठ में आयोजित तीन दिवसीय बाबा सत्यनाथ महोत्सव के समापन अवसर पर विश्व रिकॉर्डधारी धर्मेंद्र राजभर बाहुबली ने अपने हैरतअंगेज प्रदर्शन से लोगों को दांतों तले अंगुली दबाने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने महज 58 सेकेंड में 151 नारियल तोड़कर उपस्थित जनसमूह को अचंभित कर दिया। उनके इस अद्भुत प्रदर्शन पर समारोह स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
मीडिया से बातचीत में धर्मेंद्र राजभर ने कहा कि उनका यह शौक युवाओं को समर्पित है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करते हुए देश की सेवा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य को समाज व राष्ट्र के हित में लगाएं।
महोत्सव के संयोजक एवं मठ के पीठाधीश्वर अवधूत उग्र चण्डेश्वर कपाली बाबा ने कहा कि अल्देमऊ क्षेत्र प्राचीन काल से नागवंशी भर शासकों के शासन का केंद्र रहा है। बहराइच से आए धर्मेंद्र राजभर बाहुबली ने बाबा सत्यनाथ के दरबार में हाजिरी लगाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि युवाओं को समर्पित यह आयोजन देश और समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
समापन समारोह में विधान परिषद सदस्य शैलेंद्र प्रताप सिंह, विधान परिषद सदस्य रामसूरत राजभर के पुत्र संदीप राजभर (आजमगढ़), हनुमान प्रसाद सिंह, सुरेंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह, डॉ. इंदुशेखर उपाध्याय और मथुरा प्रसाद सिंह जटायु सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।




