इसौली विधायक ताहिर खान के बेटे नोमान ताहिर ने किया वरिष्ठ नेता का भव्य अभिनंदन
खड़सा गांव में जुटे सपा नेता और कार्यकर्ता, चुनावी तैयारियों को लेकर बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी ने अपनी राजनीतिक सक्रियता तेज कर दी है। इसी क्रम में सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव के सुल्तानपुर आगमन पर इसौली विधानसभा क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने को मिला। ग्राम खड़सा पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इस दौरान इसौली विधायक मोहम्मद ताहिर खान की गैरमौजूदगी में उनके छोटे बेटे नोमान ताहिर ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ आगे बढ़कर शिवपाल सिंह यादव का गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत समारोह में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी और उत्साह ने क्षेत्र में सपा की राजनीतिक सक्रियता को भी प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम में इसौली विधानसभा अध्यक्ष स्वामीनाथ यादव, जिला सचिव डॉ. सुरेश यादव, डॉ. नरेंद्र यादव, पूर्व प्रधान महताब अली, ग्राम प्रधान मोहम्मद मुईद और पूर्व प्रधान ननकऊ सहित कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भी शिवपाल सिंह यादव का अभिनंदन किया।
विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए सपा नेताओं की क्षेत्र में बढ़ती सक्रियता को संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। शिवपाल यादव के स्वागत कार्यक्रम ने इसौली क्षेत्र में पार्टी की चुनावी गतिविधियों को लेकर चर्चाओं को भी तेज कर दिया है।




