सीएम ने राहुल गांधी को बताया ‘नाकाम रॉकेट’, अखिलेश के PDA को कहा ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’
बोले- रामलला के दर्शन से पहले रामभक्तों से माफी मांगें सपा प्रमुख, 2017 से पहले कट्टा-बम बनाने वाले यूपी में अब बन रही ब्रह्मोस मिसाइल
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच प्रस्तावित गठबंधन को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि पहले दो लड़कों की जोड़ी चुनाव परिणाम आने के बाद विफल होती थी, लेकिन इस बार चुनाव से पहले ही उसकी विफलता सामने आ गई है। सपा और कांग्रेस के बीच एक तरफ सीटों के बंटवारे को लेकर बैठकें हो रही हैं तो दूसरी तरफ प्रत्याशी घोषित किए जा रहे हैं। इससे बड़ा आपसी अपमान क्या होगा? दोनों दलों के बीच एक-दूसरे को शह और मात देने की राजनीति चल रही है। मुख्यमंत्री बुधवार को लखनऊ में एक निजी न्यूज चैनल के कार्यक्रम में बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस देश का सबसे पुराना राजनीतिक दल है, लेकिन उसकी वर्तमान स्थिति उसकी नकारात्मक सोच का परिणाम है। जनता बार-बार उसे और समाजवादी पार्टी को नकार रही है। वहीं एनडीए की एकजुटता पर उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी समेत सभी सहयोगी दल गठबंधन का हिस्सा हैं। सभी मिलकर चुनाव लड़ेंगे और गठबंधन में किसी तरह का विवाद नहीं है।
रामभक्तों से माफी मांगें अखिलेश, यूपी की बदली तस्वीर पर गिनाईं उपलब्धियां
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि रामलला के दर्शन करना अच्छी बात है, लेकिन उन्हें रामभक्तों से माफी भी मांगनी चाहिए। 90 के दशक में रामभक्तों पर गोली चलाने की घटना को स्वीकार करते हुए समाजवादी पार्टी को अपनी गलती माननी चाहिए। उन्होंने कहा कि माफी मांगने से कोई छोटा नहीं होता। भाजपा का वोट बैंक कोई एक जाति या वर्ग नहीं, बल्कि हर वह राष्ट्रवादी नागरिक है, जो संविधान और देश की विरासत में विश्वास रखता है।
भाजपा की राजनीति तुष्टिकरण की नहीं, बल्कि सबके संतुष्टिकरण की है।
प्रदेश की बदली तस्वीर का उल्लेख करते हुए योगी ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य, गुंडागर्दी और अराजकता के लिए जाना जाता था व्यापारी भयभीत थे और निवेशक प्रदेश में आने से कतराते थे। उनकी सरकार ने सबसे पहले कानून-व्यवस्था को मजबूत किया। आज प्रदेश की अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय में करीब तीन गुना वृद्धि हुई है, जबकि बजट भी तीन गुना से अधिक बढ़ा है। सरकार के अनुसार, अब तक करीब पौने 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। 26 जनवरी 2027 तक यह संख्या साढ़े 10 लाख पहुंचाने का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में देश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क का करीब 60 प्रतिशत हिस्सा है। सात शहरों में मेट्रो संचालित हो रही है और प्रदेश में 17 क्रियाशील एयरपोर्ट हैं, जिनमें पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट शामिल हैं। जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, सेमीकंडक्टर यूनिट, फिल्म सिटी और डेटा सेंटर हब प्रदेश की नई औद्योगिक पहचान बन रहे हैं।
कट्टा-बम से ब्रह्मोस मिसाइल तक पहुंचा यूपी, कानून तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस उत्तर प्रदेश में कभी कट्टा और बम बनाने की गतिविधियां चलती थीं, आज उसी प्रदेश में ब्रह्मोस मिसाइल, आधुनिक रिवॉल्वर और राइफल का निर्माण हो रहा है। करीब 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) योजना ने प्रदेश के पारंपरिक उद्योगों को नई पहचान दी है और एमएसएमई क्षेत्र के माध्यम से करीब सवा तीन करोड़ लोगों को रोजगार मिल रहा है।
बुलडोजर कार्रवाई और एनकाउंटर को लेकर विपक्ष के आरोपों पर उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा। महिलाओं की सुरक्षा और व्यापारियों का सम्मान सरकार की प्राथमिकता है। कानून का पालन करने वालों का सम्मान होगा, लेकिन कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
युवाओं को तकनीक से जोड़ने की बात करते हुए उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत पहले चरण में करीब 60 लाख युवाओं को डिजिटल डिवाइस दिए गए। दूसरे चरण में 25 लाख और युवाओं को टैबलेट देने की योजना है। युवाओं को एआई, ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, थ्रीडी प्रिंटिंग और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षित करने पर जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के रैपिड फायर राउंड में योगी ने राहुल गांधी को ‘नाकाम रॉकेट’ बताते हुए कहा कि उन्हें लॉन्च करने की कोशिश होती है, लेकिन हर बार विफलता हाथ लगती है। अखिलेश यादव के पीडीए पर तंज कसते हुए उन्होंने इसे ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ करार दिया। भारत को ‘वर्ल्ड स्पिरिचुअल पावर हाउस’ और उत्तर प्रदेश को ‘अनलिमिटेड पोटेंशियल’ वाला प्रदेश बताया। उन्होंने कहा कि बुलडोजर प्रदेश की ताकत है और भाजपा के लिए कमल का फूल ही सर्वोपरि है।
घुसपैठियों को लेकर अखिलेश यादव की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान से अवैध रूप से भारत में दाखिल होने वाले घुसपैठिए समाजवादी पार्टी को दिखाई नहीं देते, बल्कि वे उन्हें अपने सगे-संबंधी नजर आते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी कोई व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है। वे नाथ संप्रदाय की संन्यासी परंपरा से जुड़े हैं और देश व समाज के सामने चुनौती आने पर उसका मुकाबला करना संन्यासी का भी दायित्व है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें अपनी पहचान और संन्यासी धर्म के लिए किसी राजनीतिक दल से प्रमाणपत्र लेने की आवश्यकता नहीं है।




