अखिलेश यादव 12 के बजाय छह दिसंबर को अयोध्या धाम जाएं
रामभक्ति का दिखावा छोड़ मांगें माफी
सपा सरकार में रामभक्तों पर हुई कार्रवाई को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने साधा निशाना
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने राम मंदिर को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव यदि वास्तव में भगवान श्रीराम के प्रति अपनी आस्था प्रकट करना चाहते हैं तो उन्हें 12 दिसंबर के बजाय छह दिसंबर को अयोध्या धाम जाना चाहिए। हालांकि, केवल राम मंदिर जाने से उनके पुराने पाप नहीं धुलेंगे, बल्कि उन्हें सपा सरकार के कार्यकाल में रामभक्तों के साथ हुई घटनाओं और उनके बलिदान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
पंकज चौधरी ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव रामभक्ति के नाम पर राजनीतिक पैंतरेबाजी कर रहे हैं। रामभक्ति का स्वांग रचकर वह अपने पुराने राजनीतिक कारनामों को नहीं छिपा सकते। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति करने के बजाय अखिलेश यादव को रामभक्तों के प्रति सच्चा पश्चाताप दिखाना चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान रामभक्तों के साथ जो कुछ हुआ, उसकी जिम्मेदारी से अखिलेश यादव बच नहीं सकते। रामभक्तों के बलिदान और उनके साथ हुए व्यवहार का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के प्रति श्रद्धा केवल बयान देने या मंदिर जाने से साबित नहीं होती, बल्कि आचरण और सच्चे पश्चाताप से साबित होती है।
पंकज चौधरी के इस बयान से प्रदेश की सियासत में राम मंदिर और रामभक्तों के मुद्दे पर भाजपा तथा सपा के बीच जुबानी जंग और तेज होने के आसार हैं।




