एक दिया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम में अमर बलिदानियों को दी श्रद्धांजलि, देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
दीपों की रोशनी से जगमगाया मंदिर परिसर, वीर जवानों के त्याग और बलिदान को किया याद
गोरखपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
दीपावली के पावन अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में अमर शहीदों के सम्मान में आयोजित ‘एक दिया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने मंदिर परिसर स्थित भीम सरोवर के समीप दीप प्रज्ज्वलित कर देश के वीर जवानों और अमर बलिदानियों को नमन किया। इस अवसर पर सरोवर के चारों ओर 11 हजार मिट्टी के दीप जलाए गए, जिनकी सुनहरी रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने अमर शहीदों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा और राष्ट्र की आन-बान-शान के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों के त्याग, साहस और समर्पण को स्मरण किया। शहीदों की स्मृति में जलाया गया प्रत्येक दीप राष्ट्र की ओर से उनके सर्वोच्च बलिदान के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक बना।
भीम सरोवर के चारों ओर कतारबद्ध तरीके से प्रज्ज्वलित 11 हजार दीपकों ने मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया। दीपों की रोशनी और गोरखनाथ मंदिर के आध्यात्मिक वातावरण ने आयोजन को विशेष बना दिया। दीपावली के उल्लास के बीच शहीदों को समर्पित इस कार्यक्रम ने लोगों को यह संदेश दिया कि देश अपने वीर सपूतों के बलिदान को सदैव याद रखेगा।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर स्थित मुक्ताकाशी मंच पर देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। स्थानीय कलाकारों ने देशभक्ति गीतों, संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जवानों के शौर्य और बलिदान को नमन किया। युवाओं और बच्चों की प्रस्तुतियों ने भी उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम का भाव जागृत किया। पूरा मंदिर परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
गोरखनाथ मंदिर और भोजपुरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया (भाई) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के संयोजक डॉ. राकेश श्रीवास्तव रहे। आयोजन का उद्देश्य दीपावली के पर्व को देश के वीर जवानों और अमर शहीदों की स्मृति से जोड़ने के साथ ही नई पीढ़ी को उनके त्याग, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण से परिचित कराना है। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि त्योहारों की खुशियों के साथ उन वीरों को याद करना भी हमारा दायित्व है, जिनके बलिदान से देश की सुरक्षा और स्वतंत्रता अक्षुण्ण है।




