17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दर्ज कराए जा सकेंगे दावे और आपत्तियां, 4 जनवरी 2027 को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को दिए व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सूत्रों के मुताबिक मिली जानकारी के अनुसार में विधानसभा मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की समय-सारिणी में संशोधन किया गया है। अब प्रदेश के सभी 403 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर 2026 को होगा। इसके साथ ही मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, हटवाने और किसी प्रविष्टि में संशोधन कराने के लिए दावे एवं आपत्तियां 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक प्राप्त की जाएंगी। हालांकि, मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 4 जनवरी 2027 को ही किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर चलाए जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में संशोधन किया है। संशोधित कार्यक्रम के तहत प्राप्त दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक पूरा कराया जाएगा। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम का समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और अन्य संचार माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों को भी नई समय-सारिणी की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है। उन्होंने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्यवाही प्रभावी ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने प्रदेश के नागरिकों से अपील की है कि वे पुनरीक्षण अवधि में अपनी और परिवार के अन्य सदस्यों की मतदाता सूची में दर्ज प्रविष्टियों की जांच अवश्य कर लें। जिन पात्र नागरिकों का नाम सूची में शामिल नहीं है, वे निर्धारित अवधि में आवेदन कर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। साथ ही नाम, पता या अन्य विवरण में त्रुटि होने पर संशोधन के लिए भी दावा प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्वाचन विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।




