अयोध्या में पर्यटन को मिलेगी नई रफ्तार गुप्तार घाट से कच्चा घाट तक पर्यटक कर सकेंगे जलविहार, मंडलायुक्त ने किया उद्घाटन
दीपोत्सव से पहले अयोध्या को मिली नई सौगात, प्रदूषण रहित क्रूज से सरयू की लहरों के बीच निहार सकेंगे धार्मिक और ऐतिहासिक स्थल
अयोध्या उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव से पहले पर्यटन सुविधाओं में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया। सरयू नदी में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से तैयार अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक क्रूज का नियमित संचालन शुरू हो गया है। गुरुवार को मंडलायुक्त राजेश कुमार ने फीता काटकर क्रूज सेवा का विधिवत उद्घाटन किया।

पूरी तरह बैटरी से संचालित इस क्रूज में डीजल या किसी अन्य पारंपरिक ईंधन का इस्तेमाल नहीं होगा। इससे नदी में जल प्रदूषण और आसपास के वातावरण पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को कम करने में मदद मिलेगी। विभागीय जानकारी के अनुसार, क्रूज का तकनीकी ट्रायल पिछले वर्ष ही पूरा हो गया था। अब दीपोत्सव और शीतकालीन पर्यटन सत्र को देखते हुए इसका नियमित संचालन शुरू किया गया है।
निर्धारित योजना के अनुसार क्रूज गुप्तार घाट से कच्चा घाट के बीच संचालित होगा। इसमें सवार होकर देश-विदेश से आने वाले पर्यटक और श्रद्धालु सरयू की लहरों के बीच अयोध्या के ऐतिहासिक घाटों, प्राचीन मंदिरों और धार्मिक स्थलों का नजारा देख सकेंगे। इससे अयोध्या आने वाले पर्यटकों को जलविहार का नया अनुभव मिलेगा।
इस मौके पर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि सात नवंबर को आयोजित होने वाले दीपोत्सव की प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सरयू महाआरती में शामिल होने वाले 2100 से अधिक प्रतिभागियों का घाटों पर पूर्वाभ्यास कराया जा रहा है। इसके साथ ही दीपोत्सव की शाम आयोजित होने वाले ड्रोन शो का तकनीकी ट्रायल भी किया जा रहा है।
प्रशासन का लक्ष्य दीपोत्सव को भव्यता और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है। इलेक्ट्रिक क्रूज सेवा शुरू होने से अयोध्या के धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ पर्यावरण अनुकूल जल परिवहन की सुविधा भी विकसित होगी।




