16 जिलों के सामाजिक संगठनों की रही भागीदारी, संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान का दिया संदेश
रजनीकांत श्रीवास्तव बोले- जनादेश का सम्मान करना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी
प्रयागराज उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में काशी प्रांत की 16 जिलों की 28 सामाजिक संस्थाओं ने सहभागिता की। क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित पदयात्रा में एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रांत सहसंयोजक रजनीकांत श्रीवास्तव ने विपक्ष पर लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार पर लगातार सवाल उठाना और निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग करना लोकतंत्र की मर्यादा के खिलाफ है।
रजनीकांत श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकारें विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ काम कर रही हैं। सरकार की मंशा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के आधार पर समाज के प्रत्येक वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जनधन योजना, स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पात्र लोगों को बिना किसी भेदभाव के लाभान्वित किया जा रहा है।
उन्होंने विपक्ष के वोट चोरी संबंधी आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि अलग-अलग राज्यों में विपक्ष का रवैया अलग दिखाई देता है। कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना में विपक्षी गठबंधन की सरकार बनने पर चुनाव प्रक्रिया पर सवाल नहीं उठाए जाते, जबकि राजनीतिक परिस्थितियां बदलने पर निर्वाचन आयोग और संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी आरोप को तथ्यों और संवैधानिक प्रक्रियाओं के माध्यम से उठाया जाना चाहिए।
रजनीकांत ने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान और जनता के जनादेश को स्वीकार करना सभी दलों की जिम्मेदारी है। विपक्ष को भ्रम फैलाने के बजाय लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
पदयात्रा में हिंदुस्तान युवा उत्थान समिति के प्रतिनिधियों समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा, संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान और राष्ट्रहित में एकजुटता का संदेश दिया।
इस अवसर पर हिंदुस्तान युवा उत्थान समिति के रजनीकांत, अनूप कुमार श्रीवास्तव, ज्ञानेंद्र द्विवेदी, पवन श्रीवास्तव, हर्ष श्रीवास्तव, सत्यम सिंह, निखिलेश पांडेय, अमरीश कांत, नितिन विश्वकर्मा, कर्मेंद्र तिवारी, जनार्दन शुक्ला, राजेश पांडेय, हरिकृष्ण तिवारी, तारिक अहमद, मोहम्मद असलम, भोला तिवारी और अमित दुबे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।




