देहरादून में भीषण हादसा, कार के ऊपर पलटा अनियंत्रित कंटेनर
सहारनपुर से खरीदारी करने आया था परिवार, मौके पर मची चीख-पुकार
एसडीआरएफ ने कटर से कार काटकर निकाले शव, अस्पताल पहुंचाया गया बच्चा
देहरादून/सहारनपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
देहरादून में दिल्ली-देहरादून मार्ग पर मोहब्बेवाला क्षेत्र स्थित साईं मंदिर के पास बुधवार को भीषण सड़क हादसे में सहारनपुर के कपूर परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार अनियंत्रित कंटेनर ट्रक अचानक आई-20 कार के ऊपर पलट गया।
भारी-भरकम कंटेनर के नीचे दबने से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि एक मासूम बच्चा चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गया।
जानकारी के मुताबिक, सहारनपुर निवासी कपूर परिवार खरीदारी के लिए देहरादून आया था। परिवार की कार मोहब्बेवाला इलाके से गुजर रही थी, तभी एक अनियंत्रित कंटेनर ट्रक कार के ऊपर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह कंटेनर के नीचे दब गई। दुर्घटना में विश्वेष कपूर (38), उनकी मां किरण कपूर, पत्नी निशा कपूर और कार चालक नीरज की मौत हो गई। वहीं परिवार का मासूम बच्चा माहेर सुरक्षित बच गया।
कटर से कार काटकर निकाले गए शव
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद कटर की मदद से कार को काटकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। मासूम माहेर को सुरक्षित निकालकर तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारू कराई।
परिवार में मचा कोहराम
एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से सहारनपुर में शोक की लहर दौड़ गई। जिस परिवार में खरीदारी की खुशी थी, वहां हादसे की खबर पहुंचते ही मातम छा गया। हादसे में मासूम बच्चे का बच जाना परिवार और परिचितों के लिए राहत की बात रही। घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और अनियंत्रित भारी वाहनों से सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




