श्रीराम और माता सीता का राजतिलक कर उतारेंगे आरती, भव्य दीपों और रोशनी से जगमगाएगी रामनगरी
अयोध्या उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
अयोध्या में आयोजित होने वाले भव्य दीपोत्सव को इस बार विशेष और ऐतिहासिक बनाने की तैयारी है। दीपोत्सव के पावन अवसर पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन रामलला का राजतिलक करेंगे। इस दौरान वह महर्षि वशिष्ठ की भूमिका में नजर आएंगे। धार्मिक परंपराओं और रामायणकालीन प्रसंगों को जीवंत करने वाले इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।
दीपोत्सव के दौरान उपराष्ट्रपति भगवान श्रीराम और माता सीता का राजतिलक करेंगे। इसके बाद उनकी आरती उतारी जाएगी। महर्षि वशिष्ठ की भूमिका में उपराष्ट्रपति द्वारा राजतिलक किए जाने का दृश्य रामराज्य की स्थापना और भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन की स्मृतियों को जीवंत करेगा।
इस भव्य आयोजन के लिए पूरी अयोध्या को दीपों और आकर्षक विद्युत सजावट से सजाया जाएगा। राम की पैड़ी से लेकर प्रमुख मंदिरों, घाटों और सार्वजनिक स्थलों तक रोशनी की विशेष व्यवस्था की जाएगी। दीपों की जगमगाहट के बीच रामनगरी भक्ति, आस्था और उल्लास के अद्भुत संगम की साक्षी बनेगी। दीपोत्सव के जरिए अयोध्या एक बार फिर देश-दुनिया को अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का भव्य संदेश देगी।




