पारा बाजार से बल्दीराय तक सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे, हादसे का खतरा
गड्ढामुक्त सड़क के निर्देश बेअसर, मरम्मत न होने से ग्रामीणों में रोष
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सुलतानपुर जनपद मुख्यमंत्री के गड्ढामुक्त सड़क के निर्देशों के बावजूद बल्दीराय तहसील क्षेत्र में मुसाफिरखाना-देवरा मार्ग की बदहाली दूर नहीं हो सकी है। पारा बाजार में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के सामने से गनापुर, पटेला, बल्दीराय होते हुए इसौली तक सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश का पानी भरने से इनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
जर्जर सड़क के कारण इस मार्ग पर आवागमन मुश्किल हो गया है। गड्ढों से बचने के लिए वाहन चालकों को बार-बार दिशा बदलनी पड़ती है। खासकर दोपहिया वाहन सवारों और स्कूल जाने वाले बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मौजूदा स्थिति किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है।
लंबे समय से सड़क की हालत खराब होने के बावजूद मरम्मत न होने पर ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि विभागीय अधिकारियों को समस्या की जानकारी होने के बाद भी स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ रही है।
अंगद सोनी, तुफैल अहमद उर्फ कुन्नू, बद्रीनाथ, अमरनाथ और सुल्तान खान समेत ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी बल्दीराय प्रभात सिंह और जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह से सड़क का स्थलीय निरीक्षण कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने तत्काल सड़क की मरम्मत कराकर आवागमन सुचारु कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी बड़े हादसे के बाद जिम्मेदारी तय करने का कोई औचित्य नहीं रह जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।




