चोरी, मानव अंग मिलने और युवती की मौत के मामलों का खुलासा करना होगी बड़ी चुनौती
यौन शोषण के आरोपी हरिओम अग्रहरि की गिरफ्तारी पर भी रहेंगी निगाहें
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सुल्तानपुर के लम्भुआ कोतवाली के नए प्रभारी के रूप में शिवनारायण सिंह ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। कोतवाली की कमान संभालते ही उनके सामने कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ कई गंभीर और चर्चित मामलों का खुलासा करने की चुनौती होगी। क्षेत्र में लंबित मामलों को लेकर नए थाना प्रभारी की कार्यशैली पर भी लोगों की निगाहें रहेंगी।
बेदूपारा गांव में दो घरों में हुई बड़ी चोरियों का खुलासा करना नए कोतवाल के सामने पहली चुनौतियों में शामिल है। इन घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। वहीं बनकटवा गांव के पास गेहूं के खेत में मानव अंग मिलने का मामला भी अब तक पुलिस के लिए पहेली बना हुआ है। इस मामले की गुत्थी सुलझाकर सच्चाई सामने लाना पुलिस के लिए अहम होगा।
इसके अलावा महमूदपुर चौपरिया गांव के पास दियरा रोड किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला युवती का शव भी पुलिस के लिए गंभीर चुनौती है। इस मामले में मौत के कारणों का पता लगाना और घटना से जुड़े तथ्यों को सामने लाना नए थाना प्रभारी की प्राथमिकताओं में शामिल होगा। वहीं यौन शोषण के आरोपित भाजपा नेता हरिओम अग्रहरि की गिरफ्तारी भी पुलिस की कार्यप्रणाली की कसौटी मानी जा रही है।
अब देखना होगा कि नए थाना प्रभारी शिवनारायण सिंह इन गंभीर मामलों में कितनी तेजी से कार्रवाई करते हैं। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि लंबित मामलों का जल्द खुलासा होगा और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई कर पुलिस कानून व्यवस्था के साथ जनता का भरोसा भी कायम करेगी।




