मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में मचा हड़कंप, पुलिस ने रोका विवाह
पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी करने की तैयारी में था युवक, शिकायत के बाद खुला मामला
एटा उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
एटा जिले में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित विवाह समारोह में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक दूल्हा पहली पत्नी से तलाक लिए बिना दूसरी शादी करने पहुंच गया। मामले की जानकारी होने पर पहली पत्नी ने मौके पर पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। शिकायत मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दूल्हे को हिरासत में ले लिया।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में युवक दूसरी शादी करने के लिए पहुंचा था, जबकि उसकी पहली शादी पहले से हो चुकी थी और दोनों के बीच कानूनी रूप से तलाक भी नहीं हुआ था। पहली पत्नी को जब पति की दूसरी शादी की जानकारी मिली तो उसने समारोह स्थल पर पहुंचकर विरोध जताया और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया।
शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दूल्हे को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद विवाह समारोह में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




