लखनऊ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
गांधी जयंती के अवसर पर लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने प्रधानमंत्री आवास और अफोर्डेबल हाउस की योजना का पंजीकरण खोल दिया है। अनंत नगर योजना के आदर्श खंड में बनने वाले पहले बहुमंजिला हाउसिंग प्रोजेक्ट ‘अदिति अपार्टमेंट’ में कुल 1392 फ्लैट उपलब्ध होंगे। इनमें 412 एक बीएचके प्रधानमंत्री आवास और 980 दो बीएचके अफोर्डेबल हाउस शामिल हैं। ऑनलाइन पंजीकरण दो अक्टूबर से दो नवंबर 2026 तक कराया जा सकेगा।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि पंजीकरण केवल प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट registration.ldalucknow.in के माध्यम से किया जा सकेगा। आवेदक को फ्लैट के अनुमानित मूल्य की पांच प्रतिशत धनराशि पंजीकरण के दौरान जमा करनी होगी। आरक्षित वर्ग के लिए यह राशि 2.5 प्रतिशत निर्धारित की गई है। फ्लैटों का आवंटन पारदर्शी तरीके से लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
8.99 लाख का प्रधानमंत्री आवास, 34.82 लाख में दो बीएचके
अपर सचिव सीपी त्रिपाठी के अनुसार अदिति अपार्टमेंट में 412 एक बीएचके फ्लैट होंगे। प्रत्येक फ्लैट का क्षेत्रफल 38.25 वर्गमीटर और निर्धारित कीमत 8.99 लाख रुपये है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र लाभार्थी को इसमें 6.50 लाख रुपये ही देने होंगे, जबकि शेष 2.50 लाख रुपये का अंशदान केंद्र और राज्य सरकार की ओर से किया जाएगा।
वहीं, दो बीएचके श्रेणी के 980 अफोर्डेबल हाउस होंगे। प्रत्येक फ्लैट का क्षेत्रफल 50.10 वर्गमीटर और कीमत 34.82 लाख रुपये निर्धारित की गई है। परियोजना में बेसमेंट और स्टिल्ट पार्किंग की व्यवस्था होगी। इसमें 545 चार पहिया वाहनों के साथ दोपहिया वाहनों की पार्किंग की सुविधा प्रस्तावित है।
पांच टावरों में बनेगा अपार्टमेंट, फ्लैटों में होंगी दो से तीन बालकनी
अदिति अपार्टमेंट का निर्माण अनंत नगर योजना के आदर्श खंड में 18,411 वर्गमीटर के ग्रुप हाउसिंग भूखंड पर किया जाएगा। परियोजना में पांच टावर होंगे। करीब 7,500 वर्गमीटर क्षेत्र में पार्क और ग्रीन बेल्ट विकसित की जाएगी। एलडीए के अनुसार भवनों की डिजाइन इस तरह रखी गई है कि अधिकांश फ्लैटों से हरित क्षेत्र का दृश्य दिखाई दे सके।
एक बीएचके फ्लैट में दो और दो बीएचके फ्लैट में तीन बालकनी होंगी। परियोजना में हाई स्पीड लिफ्ट, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, पावर बैकअप, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम, कम्युनिटी स्पेस और पेडेस्ट्रियन पाथ-वे जैसी सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परियोजना का शिलान्यास किया है।




