स्टाम्प शुल्क में छूट 20 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये करने का एलान
शहीदों के आश्रितों को गृह जनपद या नजदीकी जिले में मिलेगी सरकारी नौकरी
मेरठ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ की क्रांतिधरा से सैनिकों, पूर्व सैनिकों और शहीदों के परिवारों के हित में तीन बड़ी घोषणाएं की हैं। उन्होंने वीरता पुरस्कारों की एकमुश्त धनराशि और वार्षिकी को दोगुना करने, मकान खरीदने पर स्टाम्प शुल्क में छूट की सीमा बढ़ाने तथा शहीद सैनिकों के आश्रितों को उनके गृह जनपद या नजदीकी जिले में सरकारी नौकरी देने का एलान किया। मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं को सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर जवानों और उनके परिवारों के प्रति सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि में बढ़ोतरी के तहत परमवीर चक्र, महावीर चक्र, वीर चक्र, अशोक चक्र, कीर्ति चक्र और शौर्य चक्र सहित सभी वीरता पदकों की एकमुश्त धनराशि और वार्षिकी दोगुनी की जाएगी। इसके साथ ही सेना मेडल, वायुसेना मेडल और युद्ध सेवा पदकों की पुरस्कार राशि भी दोगुनी करने की घोषणा की गई है।
दूसरी बड़ी घोषणा के तहत पूर्व सैनिकों और शहीद सैनिकों के आश्रितों को मकान खरीदने के लिए मिलने वाली स्टाम्प शुल्क की छूट की सीमा 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की जाएगी। इससे पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों को आवास खरीदने में आर्थिक राहत मिलेगी।
तीसरी महत्वपूर्ण घोषणा शहीद सैनिकों के आश्रितों को सरकारी नौकरी देने से जुड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद सैनिकों के परिजनों को अब नौकरी के लिए दूर-दराज के जिलों में भटकना नहीं पड़ेगा। उन्हें उनके गृह जनपद अथवा निकटवर्ती जनपद में ही सरकारी नौकरी उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार की इन घोषणाओं से सैनिक परिवारों को सम्मान के साथ आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा देने का संदेश दिया गया है।




