पूर्व प्रधानों, जनप्रतिनिधियों और पंचायत प्रतिनिधियों की ली जाएगी मदद
युवाओं व महिलाओं के पंजीकरण पर विशेष जोर
कोटेदारों से लेकर आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं तक को सौंपी गई जिम्मेदारी, फॉर्म-6 भरवाने के निर्देश
रामपुर उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, त्रुटिरहित और समावेशी बनाने के साथ ही शत-प्रतिशत पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
बैठक में ग्राम पंचायतों के वर्तमान एवं पूर्व प्रधानों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पंचायत प्रतिनिधियों का सहयोग लेकर मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों को चिह्नित करने की रणनीति बनाई गई। नगरीय निकायों में वार्डवार समन्वय स्थापित कर विशेष अभियान दिवसों पर लोगों को मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करने तथा पात्र नागरिकों से फॉर्म-6 भरवाकर उनका पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए।
जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया कि कोटेदारों के माध्यम से राशन वितरण के दौरान मतदाता पंजीकरण अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। विशेष रूप से राशन कार्ड धारकों और 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए प्रेरित किया जाए। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा, एएनएम और समूह सखियों को पात्र महिलाओं की पहचान कर उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण अभियान है। इसके लिए सभी विभागों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्राम स्तर के कार्मिकों को आपसी समन्वय से काम करना होगा, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।




