अमित शाह से मुलाकात में चुनावी रणनीति और निषाद समाज के मुद्दों पर हुई चर्चा
लखनऊ उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की। इस शिष्टाचार भेंट को आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
मुलाकात के दौरान निषाद समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों, पार्टी के पदाधिकारियों से संबंधित विषयों और समाज की मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। डॉ. संजय निषाद ने इन मांगों से संबंधित पत्र भी गृहमंत्री को सौंपा। इसके साथ ही वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा और निषाद पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ने, जीत की रणनीति तथा राजनीतिक समीकरणों को लेकर भी सकारात्मक बातचीत हुई।
इस अवसर पर डॉ. संजय निषाद ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह उनके अभिभावक हैं।
उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन हमेशा महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि जब भी दो राजनीतिक नेता मिलते हैं तो राजनीतिक विषयों पर चर्चा होना स्वाभाविक है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में एनडीए की सरकार प्रचंड बहुमत के साथ बनेगी।
इस मुलाकात में निषाद पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं पूर्व सांसद प्रवीण निषाद तथा विधायक सरवन निषाद भी मौजूद रहे। राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए के सहयोगी दलों के बीच तालमेल और चुनावी रणनीति मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




