छह कंपनियों के बीच ठेकों के बंटवारे का दावा, सातों पैकेज रद्द कर सीसीआई से जांच कराने की मांग
एसआईआर में 3.31 करोड़ मतदाताओं के नाम कम होने का आरोप, चुनाव आयोग से मांगा जवाब
अमित शाह की यूपी यात्रा को इंडिया गठबंधन की जीत की गारंटी बताया
लखनऊ उत्तर प्रदेश Etv/ News 24/संवाददाता वागीश
कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर एक्सप्रेसवे निर्माण के टेंडर में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और कंपनियों के बीच सांठगांठ का आरोप लगाया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में दावा किया कि चार लिंक एक्सप्रेसवे के सात पैकेजों के टेंडर में छह कंपनियों के बीच पहले से ठेके बांटने जैसा खेल हुआ है। उन्होंने कहा कि योगी कैबिनेट ने 17,542 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी देकर कथित अनियमितताओं पर मुहर लगा दी है।
खेड़ा के मुताबिक, उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने 28 सितंबर 2026 को सात पैकेजों की वित्तीय बोलियां खोली थीं। इसके बाद 27 अक्टूबर को कैबिनेट ने परियोजनाओं के लिए बजट स्वीकृत किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रत्येक पैकेज में प्रतिस्पर्धा के बजाय कंपनियों के बीच ठेकों के बंटवारे के संकेत मिलते हैं।
उन्होंने बताया कि सभी परियोजनाएं ईपीसी (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन) मॉडल पर हैं। इसमें डिजाइन, सामग्री की खरीद और निर्माण की जिम्मेदारी ठेकेदार की होती है, जबकि पूरा भुगतान सरकारी खजाने से किया जाता है। कांग्रेस नेता ने सवाल उठाया कि जब जनता के पैसे से निर्माण होना है तो टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
छह कंपनियों को मिले ठेके, बोलियों पर उठाए सवाल
खेड़ा ने अलग-अलग पैकेजों का ब्योरा देते हुए कहा कि एएलई-पीई लिंक के 2,865 करोड़ रुपये के पैकेज में केवल दो बोलियां आईं। इसमें डीआरए इंफ्राकॉन को अनुमानित लागत से पांच प्रतिशत अधिक पर ठेका मिला, जबकि एप्को ने 38 प्रतिशत अधिक बोली लगाई। फर्रुखाबाद के दो पैकेजों में वोल्गाडोरस्ट्रॉय और एमकेसी को ठेके मिले। झांसी के दोनों पैकेजों में एमकेसी और वोल्गाडोरस्ट्रॉय सफल रहीं। वहीं जेवर के दो पैकेजों में क्रमश: एफकॉन्स और केसीसी को ठेका मिला।
उन्होंने दावा किया कि छह कंपनियों में प्रत्येक ने तीन-तीन पैकेजों में बोली लगाई और हर कंपनी को कम से कम एक ठेका मिला। कई कंपनियों की बोलियों में जीतने वाले पैकेज में मामूली कम दर और दूसरे पैकेजों में काफी अधिक दर का अंतर भी सवाल खड़े करता है। खेड़ा ने इसे प्रतिस्पर्धा का दिखावा बताते हुए कहा कि औसतन प्रत्येक पैकेज में ढाई बोलियां ही आईं।
कांग्रेस नेता ने 2018 का हवाला देते हुए कहा कि तत्कालीन समय में योगी सरकार ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की बोलियां कार्टेल की आशंका जताकर निरस्त कर दी थीं। अब कथित तौर पर इससे भी स्पष्ट संकेत मिलने के बावजूद सरकार ने टेंडर मंजूर कर दिए। कांग्रेस ने सातों पैकेजों के ठेके निरस्त कर नए सिरे से खुली निविदा प्रक्रिया अपनाने, प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) से जांच कराने और न्यायिक जांच की मांग की है।
दवा खरीद से लेकर एसआईआर तक सरकार को घेरा
खेड़ा ने प्रदेश में दवाओं की खरीद में करीब 10 हजार करोड़ रुपये के कथित घोटाले का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि 74 रुपये की पॉलीमिक्सिन-बी इंजेक्शन की एमआरपी 4,980 रुपये बताई जा रही है। उन्होंने कैंसर की दवाओं की कीमतों का मुद्दा उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा।
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के युवाओं को ई-रिक्शा चलाने की सलाह देने संबंधी कथित बयान पर भी तंज कसा। कहा कि नेताओं के परिवारों के लिए बेहतर अवसर हैं, जबकि गरीब परिवारों के युवाओं को रोजगार के सीमित विकल्प बताए जा रहे हैं।
राम मंदिर में दान और चढ़ावे की कथित चोरी का मुद्दा उठाते हुए भी उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। इसके साथ ही एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग और भाजपा नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए।
खेड़ा ने दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा कार्यसमिति की बैठक में मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम गायब होने का मुद्दा उठाया है। उनके मुताबिक, प्रदेश की अनुमानित 25.70 करोड़ आबादी के आधार पर करीब 16.70 करोड़ मतदाता होने चाहिए, जबकि स्थानीय निकायों की मतदाता सूचियों में 16 करोड़ 77 लाख से अधिक मतदाता दर्ज हैं। इसके विपरीत एसआईआर के बाद विधानसभा मतदाता सूची में 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 मतदाता ही बचे हैं। कांग्रेस नेता ने इन आंकड़ों के आधार पर करीब 3.31 करोड़ मतदाताओं की कमी का दावा किया।
उन्होंने मांग की कि एसआईआर के बाद मतदाता सूची से हटाए गए प्रत्येक नाम का विधानसभा और बूथवार विवरण कारण सहित सार्वजनिक किया जाए। साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा भाजपा कार्यसमिति में रखे गए आंकड़ों पर चुनाव आयोग देश को जवाब दे।
खेड़ा ने कहा कि राहुल गांधी लगातार वोट चोरी का मुद्दा उठा रहे हैं और अब भाजपा के मुख्यमंत्री के स्तर से भी मतदाता सूची को लेकर सवाल सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि आदित्यनाथ और अमित शाह के बीच कथित खींचतान तथा अमित शाह की उत्तर प्रदेश यात्रा आगामी विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन की जीत की गारंटी साबित होगी।




