341 वाहनों के चालान यातायात नियम तोड़ने वालों पर कसा शिकंजा, पांच वाहन सीज
इंटरसेप्टर वाहन से भी 96 चालान, 6.41 लाख रुपये के शमन शुल्क की कार्रवाई
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
जनपद सुलतानपुर मे सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर सुलतानपुर पुलिस ने रविवार को जनपद में विशेष जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीमों ने वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ ही उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने के लिए जागरूक किया। पुलिस ने चालकों से यातायात संकेतों और अन्य निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील भी की।
नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 341 चालान किए गए और पांच वाहनों को सीज किया गया। इस दौरान 6,41,500 रुपये के शमन शुल्क की कार्रवाई की गई।
इसके अतिरिक्त यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी निगरानी और कार्रवाई के लिए तैनात इंटरसेप्टर वाहन के माध्यम से भी 96 चालान किए गए।
पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
वाहन चलाते समय थोड़ी सी लापरवाही स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों के जीवन के लिए भी खतरा बन सकती है। पुलिस ने लोगों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग जरूर करें तथा तेज गति और मोबाइल फोन के इस्तेमाल से बचें।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में हर नागरिक अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।




