करीब 2000 शिक्षकों की नामवार आख्या तलब, बीईओ को चार दिन में रिपोर्ट देने का आदेश
सोमवार से हर शिक्षक को रोज स्कूल पहुंचना होगा, BLO ड्यूटी के साथ पढ़ाना भी अनिवार्य
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
उत्तर प्रदेश के राजधानी लखनऊ BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) की ड्यूटी का हवाला देकर विद्यालयों से नदारद रहने वाले शिक्षकों पर अब बेसिक शिक्षा विभाग ने शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है। सप्ताह में दो दिन तक शिक्षकों के विद्यालयों से अनुपस्थित रहने की शिकायतों और इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने के मामले को विभाग ने गंभीरता से लिया है। इसको लेकर करीब 2000 शिक्षकों की नामवार आख्या मांगी गई है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्र में ऐसे शिक्षकों की जांच कर चार दिन के भीतर नामवार रिपोर्ट उपलब्ध कराएं, जो BLO की ड्यूटी के नाम पर नियमित रूप से विद्यालय से अनुपस्थित रह रहे हैं। विभाग ने साफ किया है कि निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ शिक्षकों का विद्यालय में शिक्षण कार्य करना भी अनिवार्य है।
विभागीय निर्देश के मुताबिक सोमवार से शिक्षकों को प्रतिदिन विद्यालय पहुंचना होगा। BLO की जिम्मेदारी को विद्यालय से गैरहाजिर रहने का आधार नहीं बनाया जा सकेगा। जिन शिक्षकों की ड्यूटी BLO के रूप में लगाई गई है, उन्हें निर्धारित समय के अनुसार निर्वाचन संबंधी कार्य करने के साथ विद्यालय की जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करना होगा।
बताया गया कि कुछ विद्यालयों में शिक्षक सप्ताह में दो दिन तक विद्यालय से नदारद रह रहे थे।
इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई और विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित होने की शिकायतें सामने आई थीं। विभाग ने पूर्व में जारी आदेशों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। बीईओ को अपने-अपने विकासखंडों में स्थिति की निगरानी करने और लापरवाही मिलने पर रिपोर्ट देने को कहा गया है।
अब विभाग की नजर उन शिक्षकों पर रहेगी जो BLO ड्यूटी को विद्यालय से अनुपस्थित रहने का आधार बना रहे हैं। नामवार आख्या मिलने के बाद विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई भी की जा सकती है। इससे विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों की पढ़ाई को पटरी पर लाने की कवायद तेज हो गई है।




