शाम से लापता था युवक, घटनास्थल के पास मिली साइकिल और अन्य सामान
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सुल्तानपुर के कूरेभार थाना क्षेत्र के सैदखानपुर पटना गांव में गुरुवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक खेत में युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। मृतक की पहचान गांव निवासी फागू राम यादव के रूप में हुई है, जो राजगीर का काम करते थे। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है।

जानकारी के मुताबिक, फागू राम यादव बुधवार शाम करीब चार बजे घर से लापता हो गए थे। देर शाम तक वापस नहीं लौटने और उनका मोबाइल फोन बंद मिलने पर परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। गुरुवार सुबह पटना ग्राउंड के पास एक खेत में ग्रामीणों ने युवक का शव औंधे मुंह पड़ा देखा। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर पहुंची कूरेभार पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू की। शव की पहचान फागू राम यादव के रूप में होने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से कुछ दूरी पर मृतक की साइकिल भी पड़ी मिली। इसके अलावा पानी की बोतल, चप्पल, मोबाइल फोन और देसी शराब के फटे पाउच का पैकेट भी मिला है। पुलिस ने इन वस्तुओं को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित कर लिया है।

युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत को लेकर ग्रामीणों के बीच हत्या और आत्महत्या दोनों तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, अभी तक मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। थाना प्रभारी कूरेभार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।




