क्षेत्र में मजबूत होगी सुरक्षा व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और शिकायतों के त्वरित निस्तारण में मिलेगी मदद
पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में हुआ उद्घाटन, स्थानीय लोगों को मिलेगी सहूलियत
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार थाना क्षेत्र के छोटा भरवारा में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नई पुलिस चौकी की स्थापना की गई है। नवनिर्मित पुलिस चौकी का उद्घाटन पूर्वी जोन की डीसीपी डॉ. दीक्षा शर्मा ने फीता काटकर विधिवत किया। इस पहल को क्षेत्र में पुलिसिंग व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

उद्घाटन समारोह के लिए पुलिस चौकी को फूलों की मालाओं और आकर्षक सजावट से भव्य रूप दिया गया था। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान एडीसीपी डॉ. अमोल मुरकुट, एसीपी रत्नेश कुमार सिंह, थाना प्रभारी गौरव कुमार बाजपेई, गोमतीनगर इंस्पेक्टर बृजेश तिवारी और चौकी प्रभारी देवानन्द सिंह मौजूद रहे।
इसके अलावा उपनिरीक्षक शुभम अवस्थी, अंकित, राजेन्द्र कुमार त्रिपाठी, संदीप सिंह, बृजेश कुमार त्रिपाठी तथा सिपाही गुरु चन्द यादव सहित पुलिस विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों को पुलिस तक पहुंचने में होगी आसानी
छोटा भरवारा में नई पुलिस चौकी स्थापित होने से क्षेत्र के लोगों को पुलिस से जुड़ी समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए सहूलियत मिलने की उम्मीद है। चौकी शुरू होने से पुलिस की क्षेत्र में नियमित सक्रियता बढ़ेगी। साथ ही आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने, घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई करने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
नई चौकी से क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी मजबूत होगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी सहूलियत होगी। स्थानीय स्तर पर पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने की इस पहल से नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।




