दिल्ली में राहुल गांधी से आराधना मिश्रा की मुलाकात, संगठन और 2027 चुनाव पर मंथन
यूपी कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत करने की तैयारी, राहुल ने दी नई अध्यक्ष को शुभकामनाएं
नई दिल्ली/ Etv News 24
उत्तर प्रदेश कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने सोमवार को दिल्ली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात की। प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात बताई जा रही है। राहुल गांधी ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुलाकात के दौरान उत्तर प्रदेश में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई। पार्टी के बूथ स्तर के संगठन को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों से जोड़ने और प्रदेश में कांग्रेस की गतिविधियां बढ़ाने पर जोर दिया गया।
आराधना मिश्रा को दो अक्टूबर को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उनके साथ सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। यह बदलाव 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के संगठनात्मक पुनर्गठन का हिस्सा माना जा रहा है।
आराधना मिश्रा ने अपनी नई जिम्मेदारी संभालने के बाद कहा है कि संगठन में व्यक्ति से अधिक संगठन महत्वपूर्ण है। उन्होंने जमीनी स्तर पर कांग्रेस को मजबूत करने और 2027 में गठबंधन के साथ सरकार बनाने के लक्ष्य की बात कही है।




