रानीगंज में सियासी हलचल तेज, अखिलेश यादव से मिले पूर्व विधायक राम शिरोमणि शुक्ला
अखिलेश से मुलाकात के बाद बढ़ी रानीगंज की सियासी गर्मी, टिकट को लेकर शुक्ला की दावेदारी चर्चा में
प्रतापगढ़ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
उत्तर प्रदेश के जनपद प्रतापगढ़ रानीगंज विधानसभा क्षेत्र की सियासत में इन दिनों हलचल तेज होती नजर आ रही है। सपा में शामिल होने के बाद रानीगंज के पूर्व विधायक राम शिरोमणि शुक्ला ने बुधवार को लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। सपा में ज्वाइनिंग के बाद दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात बताई जा रही है।
मुलाकात के दौरान रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के मौजूदा राजनीतिक हालात और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई। क्षेत्र में पार्टी की स्थिति, संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय समेत विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर बातचीत होने की बात सामने आई है।
अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद रानीगंज की सियासत में चर्चाओं का बाजार भी गर्म हो गया है। राम शिरोमणि शुक्ला को रानीगंज विधानसभा सीट से सपा के टिकट के प्रमुख दावेदारों में माना जा रहा है। ऐसे में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से उनकी मुलाकात को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हालांकि, टिकट को लेकर पार्टी की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। बावजूद इसके शुक्ला की अखिलेश यादव से मुलाकात ने रानीगंज विधानसभा क्षेत्र में आगामी चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ा दी है। अब स्थानीय राजनीतिक हलकों की निगाहें पार्टी के अगले कदम और प्रत्याशी चयन पर टिकी हैं।




