पुराने मामलों का दिलाया याद
कहा- आरोपियों को सजा दिलाने वाली भाजपा सरकार से सवाल पूछ रही कांग्रेस
अपने नेताओं से जुड़े कथित मामलों पर साध लेती है चुप्पी
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस की मंशा पर उठाए सवाल
Etv news24/ ब्यूरो एजेंसी उत्तराखंड
देहरादून। उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में आरोपियों को सजा दिलाने के लिए भाजपा सरकार ने प्रभावी कार्रवाई की, लेकिन आज वही कांग्रेस सरकार से सवाल पूछ रही है, जो अपने नेताओं से जुड़े कथित तंदूर और जेनी कांड जैसे मामलों पर हमेशा चुप्पी साधे रहती है।

मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष को किसी भी मुद्दे पर सवाल उठाने से पहले अपना राजनीतिक इतिहास भी देखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनिंदा मुद्दों पर राजनीति करती है और जब उसके अपने नेताओं से जुड़े विवाद सामने आते हैं तो पार्टी की ओर से कोई जवाब नहीं दिया जाता।
सीएम के इस बयान से प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होने के आसार हैं। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस लगातार सरकार को घेरती रही है, वहीं मुख्यमंत्री के ताजा बयान ने इस राजनीतिक बहस को नया मोड़ दे दिया है।




