अखिल भारतीय कायस्थ महासभा ने प्रेसवार्ता कर दी जानकारी, कलम के सिपाहियों से शामिल होने की अपील
जौनपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज की भव्य शोभायात्रा इस वर्ष भी 10 नवंबर 2026, मंगलवार को नगर में श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर अखिल भारतीय कायस्थ महासभा ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। महासभा के जिलाध्यक्ष नीलमणि श्रीवास्तव और शोभायात्रा के संयोजक अंजनी कुमार श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से प्रेसवार्ता कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि शोभायात्रा के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय कायस्थ महासभा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इन्द्रसेन श्रीवास्तव होंगे। शोभायात्रा दोपहर तीन बजे नगर पालिका परिषद स्थित टाउन हॉल से प्रारंभ होगी। इसके बाद यात्रा कोतवाली, चहारसू और ओलंदगंज होते हुए रूहट्टा स्थित श्री चित्रगुप्त मंदिर पहुंचेगी। यहां धार्मिक आयोजन के समापन के बाद श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद एवं भंडारे की व्यवस्था की गई है।
कलम और लेखनी से जुड़े लोगों से विशेष अपील
कार्यक्रम संयोजक अंजनी कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज लेखनी और ज्ञान के अधिष्ठाता हैं। उनकी आराधना कलम और विद्या से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के लिए विशेष महत्व रखती है। उन्होंने जनपद के पत्रकारों, अधिवक्ताओं, शिक्षकों, साहित्यकारों और बुद्धिजीवियों से शोभायात्रा में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की। महासभा पदाधिकारियों ने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से आयोजन को भव्य एवं सफल बनाया जाएगा।




