हलियापुर-बेलवाई मार्ग पर हसुई मुकुन्दपुर गांव के पास हुआ हादसा, कार क्षतिग्रस्त; सभी पुलिसकर्मी सुरक्षित
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
पंचायतीराज मंत्री ओमप्रकाश राजभर के काफिले में शामिल स्कॉर्ट इनोवा कार शुक्रवार को हादसे का शिकार हो गई। हलियापुर-बेलवाई मार्ग पर हसुई मुकुन्दपुर गांव के पास स्कॉर्ट कार खेत की जुताई कर रहे एक ट्रैक्टर में लगे कल्टीवेटर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि इनोवा कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, कार में सवार सभी पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, मंत्री ओमप्रकाश राजभर बल्दीराय तहसील क्षेत्र के सिंहनी स्थित अमृत गार्डेन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद हलियापुर के रास्ते लखनऊ लौट रहे थे। इसी दौरान हलियापुर से बहुरावां की ओर जा रहे ट्रैक्टर से काफिले की स्कॉर्ट इनोवा की भिड़ंत हो गई। ट्रैक्टर के पीछे लगा कल्टीवेटर सीधे इनोवा कार से टकरा गया।
हादसे की सूचना मिलते ही हलियापुर थानाध्यक्ष अतुल कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई। इसके बाद इनोवा में सवार सभी पुलिसकर्मियों को सुरक्षित लखनऊ रवाना कर दिया गया। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।




