धनपतगंज से होगी शुरुआत, नौ अक्टूबर तक ब्लॉकवार आयोजित होंगे कार्यक्रम
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
जनपद सुलतानपुर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की जनपद शाखा के क्षेत्रीय इकाइयों के त्रैवार्षिक अधिवेशन एवं निर्वाचन-2026 की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। शिक्षक भवन, सिरवारा रोड में आयोजित बैठक में जिलाध्यक्ष दिनेश उपाध्याय ने ब्लॉकवार कार्यक्रम की घोषणा की। अधिवेशन के साथ शिक्षा उन्नयन गोष्ठियों का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें शिक्षक और शिक्षा हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी।
जिलाध्यक्ष दिनेश उपाध्याय एवं जिला मंत्री राम आशीष मौर्य के निर्देशन में होने वाले कार्यक्रमों में संबंधित ब्लॉक इकाइयों के पदाधिकारियों का निर्वाचन कराया जाएगा। साथ ही संगठन की आगामी कार्ययोजना, शिक्षकों की समस्याओं और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
घोषित कार्यक्रम के अनुसार 30 सितंबर को धनपतगंज से त्रैवार्षिक अधिवेशन एवं निर्वाचन की शुरुआत होगी। एक अक्टूबर को बल्दीराय और कूरेभार, तीन अक्टूबर को अखंडनगर और दोस्तपुर, पांच अक्टूबर को कादीपुर और करौंदीकला, छह अक्टूबर को जयसिंहपुर और मोतिगरपुर, सात अक्टूबर को दूबेपुर और लंभुआ, आठ अक्टूबर को पीपी कमैचा और भदैया तथा नौ अक्टूबर को कुड़वार में अधिवेशन एवं निर्वाचन कराया जाएगा।
संगठन की ओर से सभी संबंधित पदाधिकारियों और शिक्षकों से निर्धारित तिथि व स्थल पर पहुंचकर कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की गई है। अधिवेशन के दौरान संगठन को मजबूत करने और शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की रणनीति पर भी चर्चा होगी।




