अखिलेश की गिरफ्तारी पर भड़के सपाई, सड़क पर बैठे कार्यकर्ता; यातायात प्रभावित
गिरफ्तारी के विरोध में सपा का प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ नारेबाजी; पुलिस ने संभाला मोर्चा
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार को सुल्तानपुर में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में सपाई डीएम कार्यालय पहुंचे और मुख्य द्वार के बाहर धरना देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर रास्ता जाम कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।
अखिलेश यादव की गिरफ्तारी को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा आक्रोश नजर आया। सपा नेताओं ने पार्टी अध्यक्ष की तत्काल रिहाई की मांग करते हुए कहा कि नेतृत्व के खिलाफ कार्रवाई का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन को देखते हुए डीएम कार्यालय और आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर सड़क खाली कराने का प्रयास किया। सड़क पर प्रदर्शन के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रशासन की ओर से लगातार प्रदर्शनकारियों से यातायात सुचारु करने के लिए सड़क खाली करने की अपील की जा रही है। फिलहाल डीएम कार्यालय के बाहर पुलिस की मौजूदगी में सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।




