शनिवार को ऋषिकेश के संपूर्णानंद घाट पर होगा सावित्री देवी का अंतिम संस्कार
गोरखपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24 /संवाददाता वागीश
गोरखपुर/पौड़ी गढ़वाल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने सुबह करीब 11 बजे उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। निधन के समय मुख्यमंत्री के बड़े भाई महेंद्र और परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद थे।
मां के निधन की सूचना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उस समय मिली, जब वह गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों को टैबलेट वितरित कर रहे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उनके सलाहकार अवनीश अवस्थी ने उन्हें इस दुखद खबर की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री गोरखपुर से उत्तराखंड के लिए रवाना हो गए। शाम करीब पांच बजे वह अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे और मां के अंतिम दर्शन किए। इस दौरान वह बेहद भावुक नजर आए और उनकी आंखें नम हो गईं।
परिवार के अनुसार, सावित्री देवी पिछले काफी समय से अस्वस्थ थीं। मुख्यमंत्री के बड़े भाई महेंद्र ने बताया कि शुक्रवार सुबह उन्हें सांस लेने में परेशानी हुई थी। वह करीब एक वर्ष से बोल भी नहीं पा रही थीं। शनिवार को ऋषिकेश स्थित संपूर्णानंद घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। फिलहाल उनका पार्थिव शरीर पैतृक आवास पर रखा गया है, जहां परिजन और रिश्तेदार शोक व्यक्त कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने फोन कर जताया शोक, परिजनों को बंधाया ढांढस
मुख्यमंत्री की मां के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन कर उनसे बातचीत की और गहरी संवेदना व्यक्त की। गोरखपुर के भाजपा सांसद रवि किशन ने भी सावित्री देवी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि मां, पिता और गुरु को खोना जीवन का बेहद कठिन समय होता है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
पिता के अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हो पाए थे योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह का वर्ष 2020 में 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। वह वन विभाग में फॉरेस्ट रेंजर के पद पर कार्यरत थे। उस समय कोरोना संक्रमण के कारण मुख्यमंत्री अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे। अब मां के निधन की खबर से मुख्यमंत्री और उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।




