जिले में प्रदर्शन केंद्रों का शुभारंभ, मतदान प्रक्रिया का दिया जाएगा व्यावहारिक प्रशिक्षण
वीवीपैट से मतदाता देख सकेंगे कि उनका वोट किस प्रत्याशी को पड़ा
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सुलतानपुर मे आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली से परिचित कराने की पहल शुरू कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार से जिले में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र (ईडीसी) का संचालन शुरू हो गया। इन केंद्रों पर आम नागरिकों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) के माध्यम से मतदान की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन कर जानकारी दी जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के साथ ही जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय स्तर पर ईवीएम प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों का उद्देश्य मतदाताओं के मन में ईवीएम और वीवीपैट को लेकर जागरूकता बढ़ाना तथा मतदान प्रक्रिया को लेकर उनकी शंकाओं का समाधान करना है।
प्रदर्शन केंद्रों पर नागरिकों को बताया जाएगा कि ईवीएम के माध्यम से वोट कैसे डाला जाता है और वीवीपैट में मत की पर्ची किस प्रकार दिखाई देती है। इसके जरिए मतदाता स्वयं मतदान प्रक्रिया को समझ सकेंगे और जान सकेंगे कि वोट डालने के बाद वीवीपैट की स्क्रीन पर संबंधित प्रत्याशी के नाम और चुनाव चिह्न की पर्ची किस तरह प्रदर्शित होती है।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की अधिसूचना जारी होने तक संचालित किया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इस पहल से मतदाताओं में मतदान प्रक्रिया के प्रति विश्वास बढ़ेगा और आगामी विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक लोग जागरूक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।




