प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों के सपा का झंडा थामे खड़े होने का वीडियो चर्चा में
प्रशासनिक भूमिका पर उठे सवाल मतदाता सूची को लेकर सपा का आक्रोश सड़क पर
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी
हापुड़ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
उत्तर प्रदेश के हापुड़ मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर समाजवादी पार्टी का विरोध-प्रदर्शन रविवार को हापुड़ में सड़क पर दिखाई दिया। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जुलूस निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला भी फूंका।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर उनकी आपत्तियों और सवालों का समुचित समाधान नहीं किया जा रहा है।
सपा नेताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त से इस्तीफा देने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस की मौजूदगी भी चर्चा का विषय बनी। वायरल दृश्य में कुछ पुलिसकर्मी सपा का झंडा थामे खड़े दिखाई दे रहे हैं। इसे लेकर राजनीतिक हलकों में पुलिस की भूमिका को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, पुलिसकर्मियों की ओर से झंडा थामने की परिस्थितियों और पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की ओर से आधिकारिक स्थिति स्पष्ट किया जाना बाकी है।
सपा नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवाल लोकतंत्र की विश्वसनीयता से सीधे जुड़े हैं। पार्टी इन मुद्दों को लेकर प्रदेश स्तर पर लगातार आवाज उठाती रहेगी। प्रदर्शन को आगामी राजनीतिक संघर्ष की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि सपा चुनावी तैयारियों के साथ मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लगातार राजनीतिक एजेंडे के केंद्र में ला रही है।
प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा। पुतला दहन के बाद कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की।




