दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर पुलिस अलर्ट
बीडीएस व एएस चेक टीम ने की संदिग्ध वस्तुओं की जांच
त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए चौक क्षेत्र में बढ़ाई गई सतर्कता
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुल्तानपुर पुलिस अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में मंगलवार को कोतवाली नगर क्षेत्र के चौक स्थित रावण दहन स्थल और उसके आसपास सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की जांच की गई।

अभियान में बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) और एंटी सबोटाज चेकिंग टीम (एएस चेक टीम) ने पुलिस बल के साथ मिलकर रावण दहन स्थल तथा आसपास के प्रमुख स्थानों की बारीकी से जांच की। त्योहार के दौरान संभावित सुरक्षा खतरों को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता बरती गई।

पुलिस टीम ने मौके पर तैनात कर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख आयोजन स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का उद्देश्य आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही सभी पर्वों को आपसी सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। इसके लिए जिले में सुरक्षा तंत्र को सक्रिय रखा गया है और आवश्यकतानुसार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।




